सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में संजू सैमसन को मिली बड़ी जिम्मेदारी… केरल की संभालेंगे कप्तानी..

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में संजू सैमसन केरल की कप्तानी करेंगे। 18 सदस्यीय टीम घोषित, 14 नवंबर को मध्य प्रदेश से पहला मुकाबला।

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में अपनी कप्तानी का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, संजू सैमसन 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में केरल की कमान संभालेंगे। उनकी कप्तानी में केरल की टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम में मध्य प्रदेश के खिलाफ करेगी।

केरल की 18 सदस्यीय टीम में कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को जगह दी गई है। टीम में रेड-बॉल कप्तान विष्णु विनोद और घरेलू क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी जलज सक्सेना भी शामिल हैं। इसके अलावा केरल क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले अहमद इमरान और गोविंद देव को भी टीम में जगह मिली है। तेज गेंदबाज केएम आसिफ और बाएं हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर भी टीम का हिस्सा हैं।

केरल को ग्रुप-C में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, असम, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, पुडुचेरी और त्रिपुरा से होगा। पिछले सीजन में संजू सैमसन की कप्तानी में केरल की टीम नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी थी और ग्रुप में चौथे स्थान पर रही थी। ऐसे में इस बार टीम की कोशिश बेहतर प्रदर्शन के साथ खिताब की दौड़ में जगह बनाने की होगी।

हालांकि, संजू सैमसन के लिए हालिया न्यूजीलैंड दौरा उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पहले टी20 मुकाबले में 67 रनों की तेजतर्रार पारी खेलने के बाद वह अगले चार मैचों में 14, 18, 4 और 4 रन ही बना सके। इसके बावजूद टी20 फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन इस साल शानदार रहा है। भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी और टूर्नामेंट में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने सुपर-8 से लेकर फाइनल तक लगातार तीन अर्धशतक लगाए और कुल 319 रन बनाए।

इस साल 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में संजू सैमसन ने 27.93 की औसत और 173.44 के स्ट्राइक रेट से 810 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से आठ अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 97 रन रहा।

वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में बनाए गए दो शतकों को शामिल करें तो सैमसन ने इस साल अब तक 44 टी20 मैचों में 1,287 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 32.17 और स्ट्राइक रेट 170 से अधिक रहा है। उनके नाम दो शतक और नौ अर्धशतक दर्ज हैं।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए केरल की टीम

संजू सैमसन (कप्तान एवं विकेटकीपर), रोहन कुन्नुमल, मोहम्मद अजहरुद्दीन (विकेटकीपर), अहमद इमरान, गोविंद देव, कृष्ण देवन, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), सलमान निजार, अखिल स्कारिया, निखिल एम, विग्नेश पुथुर, बीजू नारायणन, कार्तिक बी नायर, वैसाख चंद्रन, केएम आसिफ, निधिश एमडी, शराफुद्दीन एनएम और जलज सक्सेना।

Related Articles

Back to top button