
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बैरिया तहसील में तैनात SDM आलोक प्रताप सिंह अपने ही पालतू कुत्ते के हमले का शिकार हो गए। कुत्ते के काटने से उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके कारण वे हस्ताक्षर करने की स्थिति में नहीं रहे। मजबूरी में उन्हें छुट्टी के आवेदन पर अंगूठे का निशान लगाना पड़ा। उनका यही आवेदन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, SDM आलोक प्रताप सिंह को कुत्ते पालने का शौक है और उन्होंने अपने आवास पर एक पालतू डॉगी रखा हुआ है। घटना होली से एक दिन पहले की बताई जा रही है। तीन मार्च की सुबह उनके माता-पिता उनसे मिलने बैरिया पहुंचे थे। उस समय SDM अपने आवास के लॉन में परिवार के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान उनका पालतू डॉगी अचानक उत्साहित होकर जोर-जोर से भौंकने लगा।
लॉन में ले जाते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि SDM उसे शांत कराने के लिए उसका पट्टा पकड़कर लॉन में ले जाने लगे। इसी दौरान कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उनके एक हाथ को अपने जबड़े से पकड़ लिया। जब उन्होंने दूसरे हाथ से कुत्ते का जबड़ा हटाने की कोशिश की तो उसने दूसरे हाथ को भी काट लिया। कुत्ते का हमला काफी तेज था, जिससे SDM के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना के समय वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति संभालने की कोशिश की। एक कर्मचारी ने बोतल से कुत्ते पर पानी डाला, जिसके बाद कुत्ते ने SDM का हाथ छोड़ा। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, दोनों हाथों में गंभीर सूजन होने के कारण वे किसी भी काम को करने में सक्षम नहीं थे।
डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी। इसके बाद SDM आलोक प्रताप सिंह इलाज के लिए दिल्ली रवाना हो गए। इसी बीच 5 मार्च को उन्होंने बलिया के जिलाधिकारी को छुट्टी के लिए आवेदन भेजा। आवेदन में उन्होंने पालतू कुत्ते के काटने से दोनों हाथों में गंभीर चोट लगने का जिक्र किया। हाथों की हालत खराब होने के कारण वे साइन नहीं कर पाए, इसलिए आवेदन पर अंगूठे का निशान लगाना पड़ा।
SDM के अवकाश पर जाने के बाद जिला प्रशासन ने बैरिया तहसील का अतिरिक्त प्रभार बांसडीह के SDM संजय कुशवाहा को सौंप दिया है।
गौरतलब है कि आलोक प्रताप सिंह 2023 बैच के PCS अधिकारी हैं। उन्होंने 12 फरवरी 2024 को बलिया में डिप्टी कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला था। इससे पहले जनवरी में एक होमगार्ड ने उन पर कुछ गंभीर आरोप भी लगाए थे, जिसकी भी चर्चा रही थी। फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर प्रशासनिक हलकों में चिंता जताई जा रही है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।








