
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में एक बड़ी चूक सामने आई है, जब एक अज्ञात कार विधानसभा परिसर में घुस गई। घटना सोमवार को गेट नंबर 2 के पास हुई, जब यूपी नंबर की एक कार बिना किसी रोक-टोक के बैरियर तोड़ते हुए अंदर घुस गई। यह कार विधानसभा परिसर में घुसने के बाद तेजी से फरार हो गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बता दें, दिल्ली पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात कार की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान की जा सके।
विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर यह घटना गंभीर सवाल उठाती है, क्योंकि ऐसी स्थिति में सुरक्षा गार्डों और पुलिस की सतर्कता पर सवाल उठने लगे हैं। विधानसभा परिसर में घुसने वाली कार की पहचान यूपी नंबर की बताई जा रही है, लेकिन फिलहाल कार का कोई पता नहीं चल पाया है।
पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई हैं। सुरक्षा अधिकारियों ने इस घटना के बाद पूरे परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है और सभी गेटों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।









