TMC के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की मौत से हड़कंप, पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला शव

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक आशीष बनर्जी की मौत से हड़कंप मच गया है। रविवार (16 अगस्त 2026) सुबह उनका शव उनके घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आशीष बनर्जी का शव रामपुरहाट के हट्टालापाड़ा इलाके में स्थित टीएमसी कार्यालय में मिला। घटना के बाद बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

शव के पास मिला कथित सुसाइड नोट

पुलिस को आशीष बनर्जी के शव के पास से एक पन्ने का कथित सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि नोट में उन्होंने लिखा कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। साथ ही राजनीति में आने को उन्होंने अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल बताया है। पुलिस अब नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की जांच कर रही है।

TMC नेता अब्बास हुसैन ने जताया दुख

आशीष बनर्जी की मौत पर टीएमसी नेता अब्बास हुसैन ने कहा कि सुबह करीब 7:15 बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना है। अब्बास हुसैन ने बताया कि आशीष बनर्जी ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी।

पांच बार रामपुरहाट से विधायक रहे आशीष बनर्जी

आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुके थे। वह 2021 से 2026 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रहे। इसके अलावा ममता बनर्जी सरकार में उन्होंने कृषि समेत कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। साल 2017 से 2021 तक वह राज्य के कृषि मंत्री भी रहे।

2026 विधानसभा चुनाव में मिली थी हार

2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आशीष बनर्जी को रामपुरहाट सीट से बीजेपी उम्मीदवार ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद स्थानीय सूत्रों के अनुसार वह सक्रिय राजनीति से कुछ दूरी बनाए हुए थे।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आशीष बनर्जी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Related Articles

Back to top button