
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अब अपने घोषणा पत्र में किये वायदों पर अमल करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में अब यूपी की बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल प्रदेश की योगी सरकार जल्द ही बुजुर्ग महिलाओं को एक बड़ा तोहफा देने जा रही है। खबर है कि यूपी में जल्द ही 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
आपको बता दें कि प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प पत्र में यह वायदा किया था कि यूपी की सत्ता में दोबारा वापसी के साथ ही वरिष्ठ महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा करने का मौका मिलेगा। लिहाजा अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपने इस वायदे पर विचार करना शुरू कर दिया है और इस दिशा में लगातार प्रयासरत भी है।
जानकारी के मुताबिक अब योगी सरकार ने संकल्प पत्र के अपने वादे के तहत इस व्यवस्था के लिए व्यापक प्रस्ताव भी तैयार कर लिया है। गौरतलब हो कि 2017 में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बतौर मुख्यमंत्री पहली बार जब प्रदेश की कमान संभाली थी तो उन्होंने अपने पहले कैबिनेट फैसले में किसानों के 1 लाख तक के ऋणमोचन का फैसला किया था।
राजनैतिक विशेषज्ञों की माने की तात्कालिक समय में यह योगी सरकार का बड़ा फैसला था। साल 2022 के प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में महिलाओं ने जमकर मतदान किया था और ग्रामीण क्षेत्रों से भी बीजेपी को बेहद फायदा हुआ था। लिहाजा पहली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रधानमंत्री अन्न योजना की मियाद बढ़ाई थी और अब महिलाओं के हक में रोडवेज बसों में उन्हें मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने को लेकर बड़ा फैसला लेने की कवायद शुरू हो चुकी है।









