
सोनभद्र जिले के दुद्धी कोतवाली थाना क्षेत्र के धनौरा बघबियानी जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह जंगल में पशु चरा रहे चरवाहों ने झाड़ियों के बीच शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। वह गुलाबी रंग की साड़ी, नीला ब्लाउज और हल्का गुलाबी शॉल पहने हुई थी। शव के पास से एक पेट्रोल पंप की पर्ची भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस महत्वपूर्ण सुराग मानकर जांच में शामिल कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने साक्ष्य एकत्र कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला जहर सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जाएगी और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।








