कानपुर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, आरोपी रोहित गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए आरोपी रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं को नौकरी का लालच देकर जबरन देह व्यापार में धकेलता था। जांच में यह भी सामने आया कि वह अपने आपको पत्रकार और पुलिसकर्मी बताकर महिलाओं को डराता और अपने रौब का इस्तेमाल करता था।

कैसे हुआ मामला सामने

मामले का खुलासा तब हुआ जब पश्चिम बंगाल की एक युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर पुलिस तक पहुंची। पीड़िता ने बताया कि उसे नौकरी के बहाने कानपुर बुलाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया गया। आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल भी किया।

गिरफ्तार आरोपी की कार से पुलिस की वर्दी, बेल्ट और कैप बरामद हुई, जिससे अंदेशा है कि वह खुद को पुलिसकर्मी बताकर भी अपनी ताकत दिखाता था। आरोपी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें यह सामान स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार रोहित वर्मा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने अपना अपराध जारी रखा और संगठित गिरोह खड़ा कर लिया। स्पेशल ऑपरेशन टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कल्याणपुर समेत कई होटलों में छापेमारी की गई। पुलिस ने होटलों के रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए। आरोपी के पास से कई होटलों की लिस्ट और फर्जी चैनल के आईडी कार्ड भी बरामद हुए।

अन्य राज्यों से जुड़े तार, जांच जारी

पुलिस को शक है कि इस रैकेट के तार अन्य राज्यों, खासकर कोलकाता से जुड़े हो सकते हैं। वहां के एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश भी जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button