
नई दिल्ली। भारत की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को अपना नया ब्रांड एंबेसडर बनाया है। कंपनी ने मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए अपना नया लोगो भी लॉन्च किया। पहले कंपनी का ब्रांड ‘V!’ था, जिसे अब बदलकर ‘Vi’ कर दिया गया है। साथ ही ‘Vi बदल रहा है… तैयार रहिए’ नाम से एक नया विज्ञापन अभियान भी शुरू किया गया है।
क्यों उठाया गया यह कदम?
वोडाफोन आइडिया अपने ग्राहकों के बीच पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ अगले तीन सालों के लिए करीब 45,000 करोड़ रुपये के कैपेक्स प्लान के लिए बैंकों से फंड जुटाने की कोशिशों में जुटी है। ऐसे में शाहरुख खान को ब्रांड से जोड़ने का मकसद कंपनी की छवि को नई ऊंचाई देना और ग्राहकों से भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाना है। कंपनी ने फिलहाल इस कैंपेन की अवधि के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
नए लोगो में क्या है खास?
Vi ने अपनी ब्रांड पहचान के विजुअल पार्टिकल को एक आकर्षक और डायनामिक 3डी स्फेयर यानी गोले में बदला है और इसे ब्रांडमार्क के सबसे ऊपर जगह दी गई है। कंपनी का कहना है कि यह नया डिजाइन उम्मीद, ऊर्जा और भविष्य की संभावनाओं को दर्शाता है। यह नई पहचान 1 सितंबर से ग्राहकों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, रिटेल नेटवर्क और कंपनी की सभी कम्युनिकेशन सेवाओं में लागू होनी शुरू हो गई है।
CEO ने क्या कहा?
वोडाफोन आइडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिजीत किशोर ने कहा, “यह सिर्फ लोगो को नया रूप देना नहीं है, बल्कि यह Vi ब्रांड में लाए जा रहे बदलाव की पहली झलक है। यह Vi के लिए हमारी महत्वाकांक्षा और टेलीकॉम के भविष्य को आकार देने के हमारे कमिटमेंट को दिखाता है। हम चाहते हैं कि ग्राहकों को ऐसा अनुभव मिले, जो उनकी जिंदगी को बेहतर और संभावनाओं से भरा बनाए।”
5G विस्तार पर भी फोकस
यह पूरा बदलाव ऐसे समय में हो रहा है, जब कंपनी अपने 5G नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है। Vi के पास फिलहाल 17 सर्किल्स में मिड-बैंड 5G स्पेक्ट्रम और 16 सर्किल्स में mmWave स्पेक्ट्रम मौजूद है। कंपनी 17 सर्किल्स में अपनी 5G सेवाओं का विस्तार कर रही है और खुद को पारंपरिक टेलीकॉम सेवा से आगे ले जाने की दिशा में काम कर रही है।









