
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन अब अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। सोफी शाइन, जो आयरलैंड की रहने वाली हैं, उनके साथ शिखर धवन ने अपने रिश्ते को अगला कदम बढ़ाने का फैसला किया है।
बता दें, शिखर धवन और सोफी शाइन को पहली बार 2025 में दुबई में हुई चैंपियंस ट्रॉफी के एक मैच के दौरान साथ देखा गया था। उस समय दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया था, लेकिन उनकी मौजूदगी ने अटकलों को जन्म दिया। कुछ महीनों बाद, मई 2025 में इस कपल ने इंस्टाग्राम पर एक साथ तस्वीर शेयर कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से कंफर्म कर दिया।
वहीं, सोफी शाइन आयरलैंड की रहने वाली हैं और एक प्रोडक्ट कंसल्टेंट के तौर पर काम करती हैं। उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। फिलहाल वह नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
आपको बता दें, सोफी शाइन शिखर धवन के ‘धवन फाउंडेशन’ से भी जुड़ी हुई हैं और इसकी प्रमुख सदस्य हैं। यह फाउंडेशन शिखर धवन के स्पोर्ट्स ग्रुप ‘Da One Sports’ से जुड़ी सामाजिक संस्था है, जो खेल और समाजसेवा के क्षेत्र में काम करती है। आईपीएल 2024 के दौरान भी सोफी को कई बार शिखर धवन के साथ देखा गया था, जब वह पंजाब किंग्स की ओर से खेल रहे थे।
बता दें, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिखर धवन और सोफी शाइन की शादी फरवरी के तीसरे हफ्ते में होगी। दिल्ली-एनसीआर में होने वाली इस शादी को एक निजी लेकिन भव्य समारोह के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और चुनिंदा दोस्त शामिल होंगे।
हालांकि, यह शिखर धवन की दूसरी शादी होगी। उनकी पहली शादी आयशा मुखर्जी से हुई थी। दोनों ने 2012 में शादी की थी और उनका एक बेटा जोरावर है। हालांकि, आपसी मतभेदों के कारण दोनों अलग हो गए थे, और अक्टूबर 2023 में उनका तलाक हो गया था।









