
मनोरंजन डेस्क । टेलीविजन की मशहूर और अक्सर विवादों में रहने वाली एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे (Shilpa Shinde) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में भारती सिंह के पॉडकास्ट पर ‘भाभीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर पर झूठा सेक्सुअल हैरेसमेंट का केस करने की बात कुबूल कर शिल्पा चौतरफा घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर हो रही भारी आलोचना और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच अब शिल्पा शिंदे ने ट्रोलर्स को बेहद आक्रामक अंदाज में जवाब दिया है।
शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिसके जरिए उन्होंने साफ संदेश दिया है कि उन्हें किसी की परवाह नहीं है।
इंस्टाग्राम रील के जरिए कहा- ‘जो उखाड़ना है उखाड़ लो’
चारों तरफ से हो रही आलोचनाओं के बीच शिल्पा शिंदे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नया वीडियो (रील) शेयर किया है। इस रील में उन्होंने अपनी कई तस्वीरों को कोलाज फॉर्म में जोड़ा है। वीडियो के ऊपर जो टेक्स्ट लिखा है, उसने सबका ध्यान खींचा है।
वीडियो पर लिखा है: “एक महिला बनो! यह कहने के लिए हमेशा तैयार रहें कि जो उखाड़ना है उखाड़ लो।”
“जलने वालों जलते रहो…”
सिर्फ वीडियो ही नहीं, शिल्पा ने इस पोस्ट के कैप्शन में भी गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, “जलने वालों जलते रहो अपना खून किसी जरूरतमंद को मत दो, जला जला के खत्म कर दो।” शिल्पा का यह अंदाज साफ बयां कर रहा है कि वह अपने बयान पर मिल रही प्रतिक्रियाओं से जरा भी डरने वाली नहीं हैं।
क्या है पूरा विवाद? क्यों उठ रही है गिरफ्तारी की मांग?
दरअसल, भारती सिंह के पॉडकास्ट में शिल्पा शिंदे ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए माना था कि साल 2016 में शो ‘भाभीजी घर पर हैं’ छोड़ने के दौरान उन्होंने प्रोड्यूसर पर जो सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया था, वह झूठा था। शिल्पा के मुताबिक, मेकर्स के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट को लेकर विवाद (Contractual Dispute) चल रहा था और उस मुद्दे को सुलझाने के लिए उनके पास कोई और रास्ता नहीं बचा था।
AICWA ने की मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग: शिल्पा के इस कबूलनामे के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। AICWA ने एक आधिकारिक बयान जारी कर शिल्पा शिंदे के इस कदम की कड़ी निंदा की। एसोसिएशन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और झूठा केस दर्ज कराकर कानून का मजाक उड़ाने के लिए एक्ट्रेस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
साल 2025 में शो में कर चुकी हैं वापसी
आपको बता दें कि साल 2016 में ‘अंगूरी भाभी’ के किरदार से घर-घर में मशहूर हुईं शिल्पा शिंदे ने मेकर्स पर संगीन आरोप लगाकर शो को अलविदा कह दिया था। हालांकि, लंबा वक्त बीतने के बाद साल 2025 में शिल्पा ने एक बार फिर ‘भाभीजी घर पर हैं’ में वापसी की।
वापसी पर उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह शो के राइटर की वजह से दोबारा इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हैं और अब पूरी टीम के साथ उनके संबंध बेहद सामान्य और अच्छे हैं। लेकिन अब उनके इस हालिया खुलासे ने एक बार फिर उनके लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।









