IPL 2026 से पहले शुभमन गिल का बड़ा बयान, बोले- मेरे तेज गेंदबाज शांत नहीं, ‘आक्रामक’ होने चाहिए

IPL 2026 से पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि उनके तेज गेंदबाज शांत नहीं बल्कि आक्रामक होने चाहिए। टीम 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।

आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने अपनी टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह अपने तेज गेंदबाजों को शांत नहीं, बल्कि आक्रामक देखना चाहते हैं।

अहमदाबाद में आयोजित ‘शुभारंभ 2026’ कार्यक्रम के दौरान गिल ने यह बात कही। इस कार्यक्रम में टीम के कोच आशीष नेहरा, खिलाड़ी, फ्रेंचाइजी मालिक और फैंस भी मौजूद रहे।

गिल ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी टीम के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा की तरह फियरस रहें। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि नेहरा के पुराने वीडियो आज भी वायरल होते हैं, जिसमें वह फील्डर्स पर कैच छोड़ने को लेकर गुस्सा करते नजर आते हैं।

गुजरात टाइटंस के पास इस बार मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण है। टीम में कागिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज जैसे बड़े नाम शामिल हैं, जबकि ईशांत शर्मा, ल्यूक वुड, प्रसिद्ध कृष्णा, अशोक शर्मा और जेसन होल्डर जैसे खिलाड़ी भी टीम को मजबूती दे रहे हैं।

पिछले सीजन में प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 मैचों में 25 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की थी।

गिल ने कहा कि पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा, हालांकि खिताब नहीं जीत सके। इस बार टीम उसी जुनून और भूख के साथ मैदान में उतरेगी और पिछली गलतियों को सुधारने की कोशिश करेगी।

टीम के कोच आशीष नेहरा ने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों को ही खेलना है और वह बाहर बैठकर मैच देखेंगे। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब हंसी-मजाक किया।

गुजरात टाइटंस अपना पहला मुकाबला 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेलेगी। टीम इस सीजन में अपने दूसरे खिताब पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button