
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर गठित एसआईटी अपनी अंतिम रिपोर्ट सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में पेश कर सकती है। जांच पूरी करने के लिए एसआईटी ने अतिरिक्त समय मांगा था। अब टीम अपनी जांच से जुड़े तथ्यों को अदालत के सामने रख सकती है।
सरकार ने मामले की जांच के लिए 13 जून को लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एसआईटी बनाई थी। टीम ने 15 जून से जांच शुरू की थी और 22 जून को प्रारंभिक रिपोर्ट शासन को सौंपी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अयोध्या में आठ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और आरोपितों की संपत्तियों की जांच भी की जा रही है।
जांच के दौरान चढ़ावे की गणना स्थल से जुड़ी पुरानी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं होने और मामले का दायरा बढ़ने के कारण रिपोर्ट तैयार करने में समय लगा। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई को जांच की प्रगति की जानकारी मांगी है। इसके चलते एसआईटी अपनी अब तक की जांच रिपोर्ट अदालत के सामने रख सकती है।









