
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में दिवाली से ठीक पहले शुक्रवार (6 नवंबर) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में पांच महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मुंडन संस्कार से लौट रहे थे ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, पिसावा थाना क्षेत्र के बरगवां रसूलपुर गांव के ग्रामीण हरदोई जिले के रामपुर स्थित शिव मंदिर में मुंडन संस्कार कराने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान पिसावा थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर चंदवापुर के पास एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए। हादसे में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं।
पांच महिलाओं की मौत, 20 लोग घायल
हादसे में पांच महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के लिए सभी घायलों को पीएचसी पिसावा ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल सीतापुर रेफर किया गया है।
मृतक महिलाओं की हुई पहचान
सीओ महोली सीतापुर नागेंद्र चौबे के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली चार महिलाओं की पहचान हो गई है। मृतकों में शामिल हैं:
- काजल पुत्री दाताराम, निवासी बरगवां थाना पिसावा।
- सुशीला पत्नी विष्णु, निवासी बरगवां थाना पिसावा।
- रूबी पुत्री विष्णु, निवासी बरगवां थाना पिसावा।
- सुनीता पत्नी रामकुमार, निवासी बरगवां थाना पिसावा।
वहीं, पांचवीं मृतक महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 58 वर्ष बताई जा रही है।
दिवाली से ठीक पहले हुए इस दर्दनाक हादसे से बरगवां गांव में मातम पसरा हुआ है।









