
अमेरिका के मैरीलैंड में अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप में फरार चल रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को आगरा के शंकर ग्रीन अपार्टमेंट से पकड़ा गया, जिसके बाद अब उसके खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
आरोप है कि अर्जुन शर्मा ने अमेरिका के मैरीलैंड स्थित कोलंबिया इलाके में निकिता गोड़ीशाला की हत्या की थी और इसके बाद भारत आ गया था। अमेरिकी पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था और उसकी तलाश की जा रही थी।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर खुद ही भारत भाग आया
जांच एजेंसियों के मुताबिक, निकिता की हत्या के बाद अर्जुन ने कथित तौर पर खुद ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद वह अमेरिका छोड़कर भारत आ गया, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। अमेरिकी अधिकारियों ने जांच के दौरान उसके खिलाफ हत्या के आरोप लगाए।
हैदराबाद पुलिस के इनपुट पर आगरा में दबिश
अर्जुन शर्मा की तलाश में हैदराबाद पुलिस कई दिनों से सक्रिय थी। मिले इनपुट के आधार पर आगरा में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। अब भारतीय एजेंसियां आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हैं।
प्रत्यर्पण की प्रक्रिया होगी शुरू
बताया जा रहा है कि आरोपी को जल्द ही अमेरिकी अधिकारियों को सौंपने के लिए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। मामले में भारतीय और अमेरिकी एजेंसियों के बीच समन्वय किया जा रहा है।
निकिता गोड़ीशाला की हत्या का मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा था। अमेरिकी जांच एजेंसियों ने इस मामले में आरोपी की तलाश के लिए अभियान चलाया था।









