
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के रिलीज होते ही देश की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर किताब में की गई टिप्पणी पर बीजेपी ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी का बचाव करते हुए बीजेपी के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार दिया है।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि साल 1992 में जब बाबरी मस्जिद का विध्वंस हुआ, तब देश में सभी के बीच गहरा दुख और अफसोस था। उन्होंने कहा कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उस समय इस घटना पर निराशा जताई थी। खुर्शीद के मुताबिक, लोकतंत्र में किसी को भी ताकत के बल पर व्यवस्था बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
वहीं कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने बीजेपी पर किताब को राजनीतिक विवाद में बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी ने बाबरी मस्जिद विध्वंस की आलोचना की थी और लालकृष्ण आडवाणी ने इसे गंभीर गलती बताया था, तब क्या उनके दिल में भी बाबर रहते थे? शुक्ला ने कहा कि बीजेपी इस मुद्दे को बेवजह राजनीतिक रंग दे रही है।
दूसरी तरफ बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की किताब पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किताब का नाम ‘Belonging’ की जगह ‘Whitewashing’ होना चाहिए था। उनके आरोप के मुताबिक, किताब में कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार की ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है।
केसवन ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के अलावा 1984 के सिख विरोधी दंगों, बाटला हाउस एनकाउंटर और 26/11 मुंबई आतंकी हमले को लेकर भी सोनिया गांधी की टिप्पणियों पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या सोनिया गांधी ने इन घटनाओं में मारे गए निर्दोष लोगों और शहीद सुरक्षाकर्मियों के लिए भी इसी तरह दुख जताया था? फिलहाल सोनिया गांधी की किताब को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।









