“सॉरी, मैं बहुत दूर जा रहा हूं…”, NEET री-एग्जाम से पहले सीकर में छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में मिला सुसाइड नोट

नीट पेपर लीक विवाद के बाद 21 जून को री-एग्जाम आयोजित किया जाना है। परीक्षा से पहले देशभर के छात्र तनाव और निराशा के दौर से गुजर रहे हैं। इसी बीच ...

सीकर: नीट पेपर लीक विवाद के बाद 21 जून को री-एग्जाम आयोजित किया जाना है। परीक्षा से पहले देशभर के छात्र तनाव और निराशा के दौर से गुजर रहे हैं। इसी बीच राजस्थान के सीकर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय नीट अभ्यर्थी उमेश माली ने परीक्षा से पांच दिन पहले आत्महत्या कर ली।

निजी रेजिडेंसी के फ्लैट में लगाई फांसी

मामला सीकर शहर के उद्योग नगर थाना इलाके का है। उमेश माली ने निजी रेजिडेंसी स्थित अपने फ्लैट में चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया।

सुसाइड नोट में लिखा- ‘मैं बहुत दूर जा रहा हूं’

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा, “मैं बहुत दूर जा रहा हूं. सॉरी.” हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीसरी बार NEET देने वाला था उमेश

उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश बुडानिया के अनुसार, मृतक उमेश माली झुंझुनू जिले के नवलगढ़ उपखंड के कारी गांव का रहने वाला था। उसके पिता लक्ष्मणराम माली मुंबई में टाइल्स ठेकेदारी का काम करते हैं। उमेश सीकर में परिवार के साथ रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। यह उसका तीसरा अटेम्प्ट था।

मां को गांव छोड़कर लौटा, फिर उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि उमेश अपनी मां को खुद गांव छोड़कर आया था। घटना के समय उसकी मां गांव में थीं और भाई-बहन कोचिंग गए हुए थे। दोपहर में जब बहन और छोटा भाई फ्लैट पर लौटे तो उमेश को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। फिलहाल परिवार सदमे में है और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। उद्योग नगर थाना पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button