
समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ ने आज हरदोई में जातीय जनगणना के विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया। संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 राजपाल कश्यप ने कहा कि प्रदेश व देश में पिछड़ी जातियों की सही जानकारी और आंकड़े पता करना जरूरी है। जब तक पिछड़े और वंचित समाज की जातियों का सही आंकड़ा नहीं उपलब्ध हो पायेगा तब तक उन्हें हक और सम्मान मिलना मुश्किल है।

डॉ0 कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लगातार जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं। इस मांग को समाजवादी पार्टी ने अपने विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में भी शामिल किया था। समाजवादी पार्टी का मानना है कि जातिगत जनगणना से वंचित और पिछड़ी जातियों की संख्या की सही जानकारी मिलेगी और उनके लिए योजनाएं बनाने में आसानी होगी। जो जातियां अधिकार सम्मान और शिक्षा से पीछे छूट गई हैं, जातीय जनगणना से उनकी संख्या का पता लगाकर उन्हें नौकरी, शिक्षा से लेकर हर स्तर पर हक और सम्मान दिलाया जा सकेगा।
राजपाल कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार जातीय जनगणना के खिलाफ है। वह पिछड़ों और दलितों को हक और सम्मान नहीं देना चाहती है। भाजपा जातीय जनगणना से डरती है। समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ प्रदेश भर में अभियान के रूप में सभी विधानसभाओं में ब्लाक स्तर पर जातीय जनगणना पर संगोष्ठी आयोजित करेगा।









