
गुरूवार को पंचायत चुनाव में बवाल को लेकर एक मामले में सुनवाई के बाद समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आईपी सिंह को बलरामपुर एमपी/एमएलए कोर्ट ने जेल भेज दिया. मामले में शुक्रवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई जहां सपा नेता आईपी सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और सुनवाई के दौरान ही वो बेहोश हो गए.
जानकारी के मुताबिक सपा प्रवक्ता आईपी सिंह के बेहोश होने के पीछे हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है और इसलिए इसलिए अब उन्हें इलाज के लिए लखनऊ लाया जा रहा है. वहीं बता दें कि 20 साल पुराने एक मामले में मामूली धाराओं के तहत दर्ज केस की सुनवाई के बाद बलरामपुर एमपी/एमएलए कोर्ट ने आईपी सिंह को जेल भेज दिया था. जिसके बाद उन्होंने जमानत याचिका दायर की थी.
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका भी रद्द कर दी. इसी बीच आईपी सिंह अदालत परिसर में ही बेहोश हो गए. बहरहाल, हार्ट अटैक की आशंका के चलते उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के सरकारी अस्पताल लाया जा रहा है. इससे पहले आईपी सिंह की गिरफ्तारी को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरूवार ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा और सपा प्रवक्ता को फंसाने का आरोप लगाया.
सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर कहा, “अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाने की साजिश रच रही भाजपा सरकार! सपा प्रवक्ता आईपी सिंह को लोकतंत्र विरोधी सरकार ने षड्यंत्र रच कर जेल भेजा है. निंदनीय एवं शर्मनाक!”









