सपा का 7 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल पहुंचेगा चन्दौली, लाठीचार्ज में घायल कार्यकर्ताओं से मिलेंगे सपा नेता

सूबे के चंदौली जनपद से शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की खबर आई थी। इसके बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के 7 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल को चन्दौली जाने के निर्देश दिए। अब सपा का 7 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल चंदौली जाकर लाठीचार्ज में गंभीर रूप से चोटिल हुए कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

दरअसल समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, फ्रन्टल संगठनों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता 5 दिसम्बर 2021 को अपनी छः सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देने के लिए कार्यक्रम स्थल चहनिया पर इकट्ठा हुए थे। इस दौरान कथित रूप से जनपद के क्षेत्राधिकारी समेत भारी पुलिस बल वहां पहुंची और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। इस लाठीचार्ज में सपा के दर्जनों कार्यकर्ताओं को गम्भीर चोटें आयीं। समाजवादी पार्टी ने पुलिस पर यह भी आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना के जांच की मांग को लेकर और लाठीचार्ज में घायल लोगों से मिलने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल को 12 दिसम्बर 2021 को जनपद चन्दौली जाने के निर्देश दिए हैं। सपा के प्रतिनिधिमण्डल में उत्तर प्रदेश विधान सभा के नेता प्रतिपक्ष राम गोविन्द चौधरी, ओम प्रकाश सिंह, सुरेन्द्र पटेल, सपा विधायक वीरेन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, सत्य नारायण राजभर, राजनारायण बिन्द शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button
Live TV