थार से स्क्वाड…एंबुलेंस में मरीज नहीं, लदी थी 80 पेटी शराब, आगरा पुलिस ने पकड़ा शराब तस्करी का अनोखा सिंडिकेट

आगरा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने तस्करी के एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं को ठेंगा दिखाते हुए अनोखा तरीका अपनाया था। तस्कर एंबुलेंस के जरिए अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे। इनका काफिला इतना शातिर था कि सबसे आगे सायरन बजाती एक महिंद्रा थार चलती, जो पुलिस से लेकर आम जनता तक को यह विश्वास दिलाती कि एंबुलेंस में कोई गंभीर मरीज है। इस झांसे में आकर हर कोई तुरंत रास्ता खाली कर देता था।

एत्मादपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस सिंडिकेट के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से 10.5 लाख रुपये मूल्य की 80 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। जांच में सामने आया कि रेकी के लिए इस्तेमाल की जा रही थार कार बिहार की है। तस्करों का यह गैंग सायरन की गूंज और एंबुलेंस की साख का फायदा उठाकर लंबे समय से अवैध शराब की ढुलाई कर रहा था।

पुलिस ने एंबुलेंस और थार दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह बहुत चालाकी से काम कर रहा था, लेकिन खुफिया जानकारी और काउंटर इंटेलिजेंस टीम की सतर्कता से इनका खेल खत्म हो गया। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गिरोह के अन्य संपर्कों को खंगाला जा रहा है।

Related Articles

Back to top button