
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और सनराइजर्स हैदराबाद अपनी पहली भिड़ंत में एक बार फिर आक्रामक बल्लेबाजी के इरादे से मैदान में उतरेगी। पिछले कुछ सीजनों में SRH ने अपनी तूफानी स्ट्राइक रेट और तेज शुरुआत से खास पहचान बनाई है। इस बार भी टीम उसी अंदाज को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
टीम की बल्लेबाजी लाइनअप बेहद मजबूत नजर आ रही है। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की ओपनिंग जोड़ी एक बार फिर पावरप्ले में तेज रन बनाने की जिम्मेदारी संभालेगी। दोनों बल्लेबाज 2024 सीजन में शानदार लय में दिखे थे और शुरुआती ओवरों में ही मैच का रुख बदलने का दम रखते हैं।
नंबर तीन पर ईशान किशन उतर सकते हैं, जो इस बार टीम की कप्तानी भी संभालते नजर आएंगे। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 317 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनकी फॉर्म टीम के लिए बड़ा प्लस साबित हो सकती है।
मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन की भूमिका अहम रहने वाली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद वह फ्रेश माइंड के साथ IPL में उतरेंगे। पिछले सीजन उन्होंने 487 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की थी। उनके साथ नीतीश कुमार रेड्डी और लियाम लिविंगस्टोन टीम को संतुलन देंगे। लिविंगस्टोन ऑलराउंडर के रूप में टीम को मजबूती देंगे, हालांकि हालिया फॉर्म उनके लिए चुनौती बनी हुई है।
इसके अलावा अनिकेत वर्मा को भी मौका मिलने की उम्मीद है, जिन्होंने पिछले सीजन 166 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर सबको प्रभावित किया था।
गेंदबाजी की बात करें तो तेज आक्रमण की जिम्मेदारी हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट पर रहेगी। शुरुआती मैचों में पैट कमिंस की गैरमौजूदगी के चलते ब्रायडन कार्स तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभा सकते हैं। वहीं स्पिन विभाग में टीम के पास अनुभवी विकल्प की कमी है, ऐसे में हर्ष दुबे को मुख्य स्पिनर की जिम्मेदारी मिल सकती है।
अगर टीम संतुलन के साथ मैदान में उतरती है, तो IPL 2026 में एक बार फिर सनराइजर्स हैदराबाद खिताब की मजबूत दावेदार बन सकती है।
संभावित प्लेइंग XI:
अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे









