
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के छछोनापुर गांव में एक व्यक्ति को उसकी पत्नी, मां और बेटे ने मिलकर भैंस बांधने वाली जंजीरों से बांधकर घर से बाहर फेंक दिया। यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित व्यक्ति बृजेश कुमार खुद जंजीरों में बंधी हालत में थाने पहुंचा।
बृजेश दिल्ली में मेहनत-मजदूरी करता है और 12 अप्रैल को अपने गांव लौटा था। घर लौटने के बाद किसी पारिवारिक विवाद के चलते उसका अपनी पत्नी, मां और भाई से झगड़ा हो गया। बृजेश का आरोप है कि झगड़े के दौरान उन तीनों ने उसे पीटा और फिर भैंस बांधने वाली लोहे की जंजीर से हाथ-पैर बांधकर घर से बाहर फेंक दिया।
बृजेश ने शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसकी मदद की। किसी तरह वह खुद को घसीटता हुआ थाने तक ले गया। थाने में जंजीरों में जकड़े शख्स को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। पुलिस ने तत्काल एक आरी वाले को बुलाया, जिसने मेहनत के बाद जंजीर का ताला काटा और उसे मुक्त किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।









