अमरोहा में दोस्ती की ऐसी मिसाल, एक ही दिन दो दोस्तों ने दुनिया को कहा अलविदा

डेस्क : अमरोहा के मंडी धनौरा क्षेत्र के शहबाजपुर गुर्जर गांव में दो जिगरी दोस्तों की मौत ने हर किसी को भावुक कर दिया। बद्रीनारायण और जयपाल सैनी की वर्षों पुरानी दोस्ती इलाके में मिसाल मानी जाती थी। दोनों की उम्र में महज कुछ साल का अंतर था, लेकिन उनकी दोस्ती बेहद गहरी थी।

बताया गया कि 65 वर्षीय बद्रीनारायण काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके 60 वर्षीय दोस्त जयपाल सैनी रोजाना उनसे मिलने पहुंचते थे और बीमारी के दौरान उनका हालचाल लेते थे। गुरुवार को बद्रीनारायण की मौत हो गई। उनकी अंतिम यात्रा में जयपाल भी शामिल हुए।

अंतिम संस्कार के दौरान जयपाल अपने दोस्त की चिता के पास मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जब बद्रीनारायण की चिता से अस्थियां एकत्र की जा रही थीं, तभी जयपाल अचानक वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठे। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जयपाल को मृत घोषित कर दिया। एक ही दिन दोनों दोस्तों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, बद्रीनारायण और जयपाल की दोस्ती कई वर्षों पुरानी थी। दोनों हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते थे। बद्रीनारायण की बीमारी के दौरान जयपाल का रोज उनसे मिलने जाना उनकी गहरी दोस्ती को दर्शाता था। अब दोनों दोस्तों की अंतिम विदाई ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

Related Articles

Back to top button