
T-20 Worldcup 2026. आज टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज का पांचवां मुकाबला इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह मैच कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
अब तक की स्थिति
टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच अब तक 3 मुकाबले खेले गए हैं, और इंग्लैंड को सभी में जीत मिली है। पिछले साल 2022 के फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता था।
इंग्लैंड का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक 31 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें इंग्लैंड ने 20 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को केवल 9 मैचों में ही जीत मिली है। 1 मैच टाई और 1 का कोई नतीजा नहीं निकला है।
टीम के प्रमुख खिलाड़ी
इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल ने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, उन्होंने 5 मैचों में 132.72 की स्ट्राइक रेट से 146 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजी में आदिल रशीद ने 5 मैचों में 8.03 की इकोनॉमी से 8 विकेट चटकाए हैं। पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने 5 मैचों में 164.17 की स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए हैं, जिनमें उनका बेस्ट स्कोर 100* रहा है। वहीं, गेंदबाजी में उस्मान तारिक पाकिस्तान के लिए सबसे अच्छे विकेट टेकर रहे हैं, जिन्होंने 4 मैचों में 5.82 की इकोनॉमी से 8 विकेट लिए हैं।
पिच रिपोर्ट
पल्लेकेले में अब तक 34 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं। यहां पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने 18 मैच और चेज करने वाली टीमों ने 15 मैच जीते हैं। इस मैदान का एवरेज स्कोर लगभग 157 रन है।
मौसम का मिजाज
कैंडी में 25% बारिश की आशंका है। 24 फरवरी को यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है, जिससे मैच में हल्का खलल पड़ सकता है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक।
मैच कहां देख सकते हैं
इस मैच की LIVE स्ट्रीमिंग स्टार स्पोर्ट्स पर होगी। इसे जियोहॉटस्टार एप पर भी देखा जा सकता है।









