
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की रोमांचक जीत के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है। हरभजन ने खासतौर पर जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी की सराहना करते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने दबाव के समय शानदार परिपक्वता दिखाई और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को सात रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बनाई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन इंग्लैंड ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया।
हरभजन सिंह ने एएनआई से बातचीत में कहा कि भारत ने वानखेड़े में शानदार क्रिकेट खेला। उन्होंने कहा कि 250 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद मैच काफी करीब पहुंच गया था, लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की समझदारी भरी गेंदबाजी ने टीम को जीत दिलाई।
उन्होंने कहा कि मैच के अहम मोड़ पर बुमराह ने 18वां ओवर शानदार तरीके से डाला और सिर्फ छह रन दिए, जबकि उस समय इंग्लैंड को जीत के लिए तीन ओवर में 45 रन चाहिए थे। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 19वें ओवर में केवल नौ रन देकर सैम करन को आउट किया और इंग्लैंड पर दबाव और बढ़ा दिया।
हरभजन ने हालांकि यह भी कहा कि भारत की कुल गेंदबाजी थोड़ी और बेहतर हो सकती थी। बावजूद इसके उन्होंने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि टीम इंडिया ने मैच जीत लिया और फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने टीम से अपील की कि फाइनल में भी इसी तरह का आक्रामक और सकारात्मक क्रिकेट खेलें, जिससे भारत को एक और आईसीसी खिताब मिल सके।
इस मुकाबले में भारत की ओर से संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा शिवम दुबे ने 43 रन, ईशान किशन ने 39 रन, हार्दिक पांड्या ने 27 रन और तिलक वर्मा ने 21 रन बनाकर टीम को 253 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने भी जोरदार टक्कर दी। जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन की शानदार पारी खेली और विल जैक्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की। इसके बावजूद इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246 रन ही बना सकी और भारत ने सात रन से मुकाबला जीत लिया।
अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। टीम इंडिया की नजर इस मैच को जीतकर एक और आईसीसी खिताब अपने नाम करने पर होगी।









