
समाचार एजेंसी ANI के हवाले से खबर है कि तालिबान ने पकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। दरअसल, रविवार को अफगानिस्तान के खोस्त और कुनार प्रांत में एक हवाई हमला हुआ जिसमें 40 से अधिक नागरिकों की जान चली गई। इसपर तालिबान ने कड़े तेवर दिखाते हुए पकिस्तान को चेतावनी दी और तालिबान के सूचना और संस्कृति उप मंत्री जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा, “पाकिस्तान को अफगानिस्तान के लोगों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए अन्यथा परिणाम का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।”
मुजाहिद, तालिबान के मुख्य प्रवक्ता भी हैं। उन्होंने कहा, “हम राजनयिक चैनलों और बातचीत के माध्यम से इस मुद्दे को हल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इस तरह के कृत्यों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव पैदा होगा, जिससे संघर्ष होगा और यह किसी के पक्ष में नहीं होगा।” ANI ने खामा प्रेस के हवाले से कहा कि पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों की निंदा करते हुए, मुजाहिद ने कहा कि इस तरह के कदमों की पुनरावृत्ति के गंभीर परिणाम होंगे।
तालिबान शासन के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को काबुल में पाकिस्तान के अफगान दूत मंसूर अहमद खान को तलब किया और भविष्य में इस तरह के हमलों को रोकने के लिए कहा। खामा प्रेस ने कहा कि पाकिस्तान के विमानों ने दक्षिणपूर्वी खोस्त प्रांत के स्पेरा जिले में अफगानी नागरिकों के घरों पर बमबारी की, जिसमें लगभग 60 नागरिक मारे गए।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने न तो हमलों की पुष्टि की और न ही इस बारे में स्पष्टीकरण दिया कि क्या ये हमले उसी के विमान द्वारा किए गए थे या नहीं? इससे प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि यह कार्रवाई आधिकारिक तौर पर एक सैन्य घुसपैठ हो सकता है। हालांकि काबुल में पाकिस्तान के दूतावास ने किसी भी हवाई हमले से इनकार किया है।








