परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट से पीछे हटी तमिलनाडु सरकार, प्रदर्शनकारियों के साथ CM विजय, बोले- किसानों की जमीन और आजीविका जरूरी

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में ऐलान किया कि उनकी सरकार परंदूर में प्रस्तावित नए एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में उठाए गए कदमों को आगे नहीं बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से कृषि भूमि प्रभावित होगी और किसानों व स्थानीय लोगों की आजीविका पर असर पड़ेगा।

चेन्नई को नए एयरपोर्ट की जरूरत, लेकिन जगह बदलेगी

मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि चेन्नई का मौजूदा मीनांबक्कम एयरपोर्ट भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के संचालन में है और इसकी क्षमता हर साल करीब 3 करोड़ यात्रियों को संभालने की है। उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती जरूरतों, औद्योगिक विकास और बढ़ते कार्गो परिवहन को देखते हुए नए एयरपोर्ट की जरूरत है।

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि नया एयरपोर्ट ऐसी जगह बनाया जाना चाहिए जहां कृषि भूमि और रिहायशी क्षेत्रों पर कम से कम असर पड़े।

परंदूर और आसपास के गांवों के लोगों से मिले थे CM विजय

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने 20 जनवरी 2025 को एगनापुरम और आसपास के गांवों का दौरा किया था, जहां उन्होंने परंदूर एयरपोर्ट परियोजना का विरोध कर रहे लोगों की समस्याएं सुनी थीं।

उन्होंने कहा कि वह चेन्नई के परंदूर और आसपास के 12 गांवों में एयरपोर्ट परियोजना का विरोध कर रहे लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

किसानों को बताया देश की रीढ़

सीएम विजय ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और वह अपनी कृषि भूमि बचाने के लिए संघर्ष कर रहे लोगों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि वह औद्योगिक विकास और एयरपोर्ट की जरूरत के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन यह परियोजना परंदूर में नहीं होनी चाहिए।

वैकल्पिक स्थान तलाशेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी वैकल्पिक जगह तलाशेगी जहां कम से कम कृषि भूमि प्रभावित हो और लोगों की आजीविका पर कोई बड़ा असर न पड़े।

उन्होंने कहा कि लोगों से किए गए वादे को पूरा करने के लिए परंदूर एयरपोर्ट परियोजना को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

केंद्र से मिली थी शुरुआती मंजूरी

बता दें कि अप्रैल 2025 में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कांचीपुरम जिले के परंदूर में इंटरनेशनल ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।

Related Articles

Back to top button