तमिलनाडु में सनसनीखेज जेलब्रेक,मिर्गी का नाटक कर जेलकर्मियों पर हमला बोल भागे 17 कैदी

तमिलनाडु के थेनी जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ थेक्कमपट्टी जेल में बंद 17 विचाराधीन कैदी एक सोची-समझी साजिश के तहत सामूहिक रूप से जेलब्रेक कर फरार हो गए। सोमवार देर रात घटी इस घटना के बाद से पूरे राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने तमिलनाडु की जेल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल में बंद कैदियों ने देर रात अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने का झूठा नाटक रचा। जैसे ही बैरक में तैनात जेलकर्मियों ने मानवीय संवेदनाओं के आधार पर मदद के लिए दरवाजा खोला, पहले से घात लगाकर तैयार बैठे कैदियों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में तीन जेलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हमले के बाद अफरा-तफरी का माहौल बनाकर 17 कैदी मुख्य दरवाजे से फरार होने में कामयाब रहे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और सघन चेकिंग अभियान चलाया। अब तक त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 फरार कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 13 खतरनाक कैदी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। बाकी 13 फरार कैदियों की तलाश के लिए 17 विशेष टीमें गठित की गई हैं और पड़ोसी राज्य केरल की सीमा से सटे सभी इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार कैदियों को फिर से सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button