यूपी पंचायती राज विभाग में टेंडर पर रार, मंत्री ओपी राजभर ने अपनी ही सरकार के अफसरों की सीएम से की शिकायत!

उत्तर प्रदेश के पंचायतीराज विभाग में डिजिटल लाइब्रेरी के टेंडरों को लेकर मंत्री और आला अधिकारियों के बीच तनातनी चरम पर पहुंच गई है। पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने ही विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार और निदेशक अमित कुमार सिंह पर भ्रष्टाचार और भारी लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, डिजिटल लाइब्रेरी के टेंडरों को लेकर मंत्री और अफसरों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। आरोप है कि अधिकारियों ने मंत्री को दरकिनार करते हुए उच्चस्तर से टेंडर पर सीधे निर्णय करवा लिया। इस बात से नाराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे पत्र लिखकर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

अपने पत्र में राजभर ने प्रमुख सचिव और निदेशक पर टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत पद से हटाने की मांग की है। मंत्री और अफसरों के बीच छिड़ी इस जुबानी और प्रशासनिक जंग ने शासन के गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस विवाद पर क्या कड़ा कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button