
वाराणसी; जनवरी 2023 में गंगा की रेत पर बनाई गई टेंटसिटी को 1 जून से बंद कर दिया गया है। काशी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनाई गए टेंट सिटी का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया था। गुजरात की निजी कंपनी के द्वारा बनाए गए टेंट सिटी को बंद करने के लिए बुकिंग बंद कर दी गई थी. ऐसे में टेंट सिटी में रहकर वाराणसी पर्यटन का सपना संजोए लोगों में काफी मायूसी है।
मानसून की वजह से हट रहा टेंटसिटी
काशी में पहली बार बने टेंटसिटी को हटाए जाने को लेकर टेंटसिटी के मैनेजर वरुण पांडे ने बताया कि इसे मानसून से पहले हटाया जाना है। इस लिहाज से 1 जून से पर्यटकों के लिए टेंट सिटी को बंद कर दिया गया है। टेंटसिटी के सभी सामग्री को मानसून से पहले पूरी तरह हटा लिया जाएगा। मानसून के बाद जब गंगा का जलस्तर कम होगा, तो देव दीपावली से पहले अक्टूबर माह में दोबारा टेंटसिटी को बसाया जाएगा। जिससे दोबारा वाराणसी आने वाले पर्यटक टेंटसिटी का लुफ़्त उठा पाएंगे। फिलहाल 1 जून से टेंटसिटी कुछ समय के लिए बंद होने के बाद करीब एक महीने में गंगा की रेत से सभी सामग्री को हटाने का समय लगेगा।
पहले साल टेंटसिटी से हुई इतनी कमाई
टेंटसिटी के कमाई को लेकर मैनेजर वरुण पांडे का कहना है कि टेंटसिटी पहली बार वाराणसी में बसाए जाने की वजह से रेवेन्यू कलेक्शन कम रहा है। यह पहला मौका था और इसमें कंपनी को काफी कुछ सीखने को मिला है। वरुण पांडे ने उम्मीद जताई है कि जब दोबारा टेंटसिटी को बसाया जाएगा तो अच्छा रेवेन्यू कलेक्शन होगा। इस बार 5 महीने में 40 से 45% ही रेवेन्यू कलेक्शन हो पाया है।
लग्जरी सुविधाओं से लैस टेंटसिटी
गंगा पार रेत पर बनाए गए टेंटसिटी अपनी सुविधाओं को लेकर काफी चर्चा में रहा। लग्जरी होटल की तरह टेंटसिटी में पर्यटकों को मिल रही सुविधा, लजीज़ व्यंजन के साथ सभ्यता, संस्कृति और अध्यात्म के समागम से टेंटसिटी काफी चर्चा में रहीं। यहां आने वाले पर्यटकों को वह सभी सुविधाएं मिलती जो एक बड़े लग्जरी होटल में मिलता है। पर्यटकों को अध्यात्म और संस्कृति से जोड़ने के लिए टेंटसिटी में ही गंगा आरती सहित कई अध्यात्मिक सेसन को चलाया जा रहा था।
रिपोर्ट : नीरज जायसवाल, वाराणसी









