
नई दिल्ली। बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं जो दशकों बाद भी दिलों पर राज करते हैं। इमरान हाशमी पर फिल्माया गया ‘तेरा मेरा रिश्ता’ भी कुछ ऐसा ही गाना है, जिसने 2007 में आई फिल्म ‘आवारापन’ के दौरान श्रोताओं के दिलों में ऐसी जगह बनाई कि आज तक उसे भुला पाना मुश्किल है। अब इसी गाने को ‘आवारापन 2’ के लिए नए अंदाज में रीक्रिएट किया गया है और इसका नया वर्जन ‘तेरा मेरा रिश्ता कंटीन्यू’ यूट्यूब पर नंबर वन ट्रेंड कर रहा है।
किसने तैयार किया गाने का नया वर्जन?
ओरिजिनल गाने को मुस्तफा जाहिद ने अपनी आवाज दी थी और इसका संगीत प्रीतम ने तैयार किया था। इसके रीक्रिएटेड वर्जन को साज भट्ट और सुबोध शर्मा ने अपनी आवाजों से सजाया है, जबकि इस बार संगीत मिथुन ने दिया है। गाने के बोल सईद कादरी ने लिखे हैं। दर्द से भीगे इस गाने को दर्शक और श्रोता जमकर प्यार दे रहे हैं।
‘आवारापन 2’ से दर्शकों को भारी उम्मीदें
‘आवारापन 2’ के जरिए इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार शिवम पंडित के रूप में पर्दे पर लौट रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर भले ही छोटा था, लेकिन गानों और टीजर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त हाइप क्रिएट कर दी है। मेकर्स ने फिल्म का कोई बड़ा प्रमोशन नहीं किया, फिर भी एडवांस बुकिंग में 8 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। इस फिल्म में दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम किरदारों में नजर आएंगी, जिसमें शबाना आजमी निगेटिव रोल में दिखेंगी। ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और इसका मुकाबला सनी देओल की ‘बटवारा 1947’ से होगा।









