
लखनऊ- केंद्र व यूपी सरकार मिलकर यूपी में 1 हजार करोड़ की लागत से टेक्सटाइल पार्क का निर्माण करेगी. इसको लेकर आज मंगलवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र व यूपी सरकार के मध्य एएमयू साइन हुआ. इस अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल सीएम योगी आदित्यनाथ व खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में मौजूद लोगों को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को नमन करते हुए की. उन्होंने कहा कि वस्त्र क्षेत्र में पहचान दिलाने के लिए माता-बहनों का बड़ा योगदान है. आज देश में कल्पना के बाहर ऐतिहासिक काम हो रहे हैं. राजधानी की तारीफ करते हुए मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि लखनऊ मेहमाननवाजी व कला के लिए जाता है. लेकिन, पहले की सरकारों ने यहां विकास में भेदभाव किया है. गोयल ने कहा वर्षों से हस्तकला के क्षेत्र में यूपी देश की राजधानी रही है.
पीयूष गोयल ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए छोटी-छोटी सरकारें आईं और चली गईं. यह छोटी-छोटी सरकारें काम नहीं कर पाईं. उन्होंने कहा मोदी और योगी सरकार ने यूपी में विकास करके दिखाया है. उन्होंने ने कहा यूपी में टेक्सटाइल पार्क बनने से स्थानीय वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलेगा. विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा पहले यूपी में स्वार्थ की राजनीति होती थी, इस लिए यूपी विकास से वंचित रहा. अब हर क्षेत्र में यूपी का विकास हो रहा है.








