
Bahraich News: बहराइच में बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत आम्बा के जनजाति बाहुल्य ग्राम सभा शिवनापुर, ग्राम सभा फकीरपुरी, रामपुरवा, व ग्राम सभा बर्दिया के रहने वाले थारू जनजाति के सैकड़ो ग्रामीणों ने थारू जनजाति के जिला अध्यक्ष बेचन चौधरी के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी मोनिका रानी को एक शिकायती पत्र सौंपा। अपने गांव में नेटवर्क ना होने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि अगर हमारी मांगे नहीं पूरी हुई तो वह चुनाव बहिष्कार करेंगे।
थारू जनजाति की ग्रामीणों द्वारा दिए गए मांग पत्र में लिखा गया है, कि जहां हमारा भारत देश के डिजिटल इंडिया के अंतर्गत तरक्की कर नई तकनीक और विकास कार्यों में बुलंदियों को छूते हुए आगे बढ़ रहा है। देश के कोने-कोने में 5G नेटवर्क पहुंच गया है। लेकिन हमारे क्षेत्र में नहीं बल्कि पूरे न्याय पंचायत क्षेत्र में एकमात्र बीएसएनएल टावर 3G का बर्दिया गांव में लगा हुआ है।
खास बात तो यह है कि वह टावर भी पिछले कई वर्षों से खराब पड़ा है। हमारे क्षेत्र में मोबाइल के अन्य किसी कंपनी के टावर भी नहीं लगे हुए हैं। नेटवर्क ना होने के कारण हमारा जनजाति समुदाय व क्षेत्र काफी पिछड़ता जा रहा है। लोग अपनों से दूर हो रहे हैं और तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हम किसी भी संबंधित अधिकारी को सूचित नहीं कर पाते हैं। अब थक हारकर हमारे न्याय पंचायत क्षेत्र में लोगों ने यह तय किया है कि हम इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। जब तक हमारे क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या दूर नहीं की जाएगी तब तक हम सभी आने वाले किसी भी चुनाव मतदान नहीं करेंगे।









