
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश के आठ हाई कोर्ट में नए चीफ जस्टिस की नियुक्ति को अधिसूचित कर दिया है। राष्ट्रपति ने संविधान के तहत भारत के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद इन नियुक्तियों को मंजूरी दी। इन नियुक्तियों के साथ पटना, कलकत्ता, राजस्थान, बॉम्बे, पंजाब एवं हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट को नए मुख्य न्यायाधीश मिले हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे अब कलकत्ता हाई कोर्ट की कमान संभालेंगे। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। वहीं पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा इसी हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस होंगे।
इसके अलावा ओडिशा हाई कोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट, गुजरात हाई कोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट और राजस्थान हाई कोर्ट के जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के बाद आठ हाई कोर्ट में न्यायिक प्रशासन का नेतृत्व नए मुख्य न्यायाधीशों के हाथ में होगा। नियुक्तियां संबंधित न्यायाधीशों के पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।









