
अहमदाबाद: अदाणी ग्रीनएक्सटॉक्स ने यूथ4जॉब्स के साथ मिलकर ग्लोबल एबिलिटी फोटोग्राफी चैलेंज (GAPC) 2026 के पांचवें संस्करण की घोषणा की है। यह प्रतियोगिता दिव्यांगों के लिए भारत का सबसे बड़ा इनक्लूसिव फोटोग्राफी चैलेंज है, जो इस साल फिर से दुनिया भर में आयोजित किया जाएगा। इस चैलेंज का उद्देश्य दिव्यांगों को एक ग्लोबल प्लेटफॉर्म प्रदान करना है, जहां वे अपनी फोटोग्राफी के जरिए अपनी अनोखी कहानियां और दृष्टिकोण दुनिया के सामने रख सकें।
बता दें, इस प्रतियोगिता में शामिल होना पूरी तरह से निःशुल्क है और यह विशेष रूप से दिव्यांग फोटोग्राफरों के लिए है, चाहे वे शौकिया हों या प्रोफेशनल। अब तक के चार संस्करणों में, GAPC ने 8 मिलियन से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई है, 50,000 से अधिक प्रतिभागियों को प्रेरित किया है और 30 से अधिक देशों से भागीदारी प्राप्त की है। पिछले साल, इसे जापान और दुबई में प्रदर्शित किया गया था।
यूथ4जॉब्स फाउंडेशन की फाउंडर और CEO, मीरा शेनॉय ने कहा, “ग्लोबल एबिलिटी फोटोग्राफी चैलेंज साफ तौर पर दिखाता है कि जब दिव्यांगों को एक प्लेटफॉर्म मिलता है, तो वे न केवल हिस्सा लेते हैं, बल्कि वे अनोखे और दमदार नजरिए से नेतृत्व करते हैं।”
अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड के डायरेक्टर, जीत अदाणी ने कहा, “हम नॉटजस्टआर्ट और यूथ4जॉब्स फाउंडेशन के साथ मिलकर एक ऐसा प्लेटफॉर्म प्रदान कर रहे हैं जो ग्लोबल दिव्यांग प्रतिभाओं को दिखाता है। यह फोटोग्राफी जैसी सुंदर, क्रिएटिव और सार्वभौमिक कला के माध्यम से इन प्रतिभाओं को सामने लाता है।”
इस प्रतियोगिता में शानदार पुरस्कार और ग्लोबल एक्सपोजर के कई मौके दिए जा रहे हैं। पहले पुरस्कार के रूप में ₹5,00,000, दूसरे पुरस्कार के लिए ₹3,00,000, तीसरे पुरस्कार के लिए ₹2,00,000 दिए जाएंगे। इसके अलावा, चौथे से दसवें पुरस्कार के विजेताओं को ₹1,00,000 का पुरस्कार मिलेगा।
टॉप 20 एंट्री को एक क्यूरेटेड एग्ज़िबिशन में प्रदर्शित किया जाएगा और टॉप 10 विजेताओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध प्रोडक्ट डिज़ाइनर माइकल फोले द्वारा डिज़ाइन की हुई ट्रॉफियां प्राप्त होंगी। सभी प्रतिभागियों को पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
यह पुरस्कार वितरण समारोह और एग्ज़िबिशन 24 जून 2026 को अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा। चुने गए भारतीय विजेताओं और एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी के यात्रा और रहने का खर्च कवर किया जाएगा।









