
बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में शुमार मनोज बाजपेयी जल्द ही सिल्वर स्क्रीन पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की भूमिका में नजर आने वाले हैं। सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बन रही एक आगामी ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म से मनोज बाजपेयी का पहला लुक रविवार को सामने आया। वायरल हुए इस फर्स्ट लुक में बाजपेयी का ट्रांसफॉर्मेशन इतना हैरान कर देने वाला है कि उन्हें पहली नजर में पहचानना भी मुश्किल हो रहा है।
बता दें, यह फिल्म भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान घटे 21 दिनों के एक कम चर्चित और बेहद महत्वपूर्ण दौर पर आधारित है। ‘हज़ारों ख़्वाहिशें ऐसी’ जैसी क्लासिक फिल्मों के लिए मशहूर सुधीर मिश्रा इस प्रोजेक्ट को डायरेक्ट कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हीरावत द्वारा बनारस मीडियावर्क्स के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म में दिग्गज अभिनेता सौरभ शुक्ला भी एक अहम किरदार में नजर आएंगे।
हालांकि निर्माताओं ने अभी फिल्म के आधिकारिक शीर्षक और रिलीज की तारीख का खुलासा नहीं किया है। मनोज बाजपेयी के अन्य प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह अरविंद अडिगा के उपन्यास पर आधारित बेन रेखी की फिल्म ‘लास्ट मैन इन टावर’ में भी दिखाई देंगे। यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जिसमें उनके साथ बोमन ईरानी और दिव्या दत्ता मुख्य भूमिकाओं में हैं।









