“यूपी में अब कर्फ्यू-दंगे का इतिहास खत्म, माफिया और मच्छर दोनों हो चुके हैं गायब”… CM योगी का बड़ा बयान…

CM योगी ने गोरखपुर में 40 करोड़ की 119 परियोजनाओं का किया लोकार्पण। TGT-PGT भर्ती शुरू, 6 महीने में 1 लाख नौकरी का वादा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कूड़े के ढेर की जगह बने भव्य ‘कल्याण मंडपम’ का भी उद्घाटन किया। सीएम योगी ने कहा कि जगह वही है, बस नेतृत्व और नीतियां बदलने से उत्तर प्रदेश में चौतरफा विकास हो रहा है। आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित है, बेटियां और व्यापारी पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा राज्य अब पूरी तरह दंगा, कर्फ्यू और इंसेफेलाइटिस मुक्त हो चुका है।

बता दें, युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि TGT-PGT शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिए गए हैं और आज से ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले अगले 6 महीनों के भीतर 1 लाख से अधिक नौजवानों को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। सीएम ने यह भी रेखांकित किया कि उनकी सरकार अब तक 9.50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाएं प्रदान कर चुकी है।

पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश की हालत बदहाल थी, जहां अपराधी खुलेआम धमकियां देते थे। आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का जो माहौल बना है, उसी के बलबूते विकास नए आयाम छू रहा है। प्रदेश में अब माफिया और मच्छर दोनों का सफाया हो चुका है और हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button