UP में सीट शेयरिंग पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी खींचतान, राजेंद्र पाल गौतम बोले – ” हमें 403 सीट का आधा हिस्सा चाहिए “

डेस्क : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान लगातार बढ़ती जा रही है। दोनों दलों के नेताओं के बयानों से गठबंधन में सीटों के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं। कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि पार्टी ने 150 सीटों की मांग नहीं की है, बल्कि बराबर हिस्सेदारी और सम्मान की बात कही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस आधी सीटें चाहती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर दोनों दल बैठकर बातचीत करते हैं तो थोड़ा बहुत कम किया जा सकता है।

वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी गठबंधन को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर टिप्पणी की है। मसूद ने कहा कि अगर अखिलेश यादव नाराज हैं तो नुकसान उनका ही होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नेतृत्व करना है तो दिल बड़ा करना पड़ेगा। मसूद ने यह भी कहा कि 2027 में किसी चमत्कार की उम्मीद नहीं करनी चाहिए और गठबंधन को मजबूत करना जरूरी है।

सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस बराबरी और सम्मानजनक हिस्सेदारी की बात कर रही है, जबकि सपा की ओर से जीत की संभावना को सीट बंटवारे का आधार बनाने की बात कही गई है। ऐसे में दोनों दलों के बीच बातचीत और सीटों के फॉर्मूले पर सहमति महत्वपूर्ण बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button