‘रामायण: पार्ट 1’ का ट्रेलर रिलीज, रावण बने यश और राम का किरदार निभा रहे रणवीर

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का आधिकारिक ट्रेलर 30 जुलाई 2026 को ब्रह्म मुहूर्त के शुभ अवसर पर दुनियाभर में रिलीज...

मुंबई (महाराष्ट्र): नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का आधिकारिक ट्रेलर 30 जुलाई 2026 को ब्रह्म मुहूर्त के शुभ अवसर पर दुनियाभर में रिलीज किया गया। ट्रेलर में चार मिनट से अधिक समय में महाकाव्य की भव्य दुनिया और राम-रावण के बीच होने वाले युद्ध की झलक दिखाई गई है।

भावनात्मक कहानी, बड़े स्तर के एक्शन और अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स के साथ ट्रेलर धर्म और शक्ति के बीच संघर्ष को दिखाता है। ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण के किरदार से होती है, जो अंधेरे से निकलकर एक भव्य महल में पहुंचता है और तीनों लोकों पर अपना शासन घोषित करता है।

इसके बाद भगवान विष्णु के अवतार के रूप में राम के जन्म की कहानी दिखाई जाती है, जहां अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र के रूप में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आते हैं।

ट्रेलर में स्वर्णिम अयोध्या, राम और माता सीता के विवाह के दृश्य दिखाए गए हैं। सीता का किरदार साई पल्लवी निभा रही हैं। इसके बाद राम द्वारा कैकेयी की मांग स्वीकार करने और भाई लक्ष्मण के साथ 14 वर्ष के वनवास पर जाने के भावनात्मक क्षण भी दिखाए गए हैं।

ट्रेलर में शूर्पणखा प्रसंग, सीता हरण और इसके बाद होने वाले महायुद्ध की झलक दिखाई गई है। इसमें विशाल सेनाएं, पौराणिक जीव और तलवारों की भव्य लड़ाई को बड़े स्तर पर प्रस्तुत किया गया है।

ट्रेलर के अंतिम हिस्से में भगवान राम का दमदार संवाद सुनाई देता है, जिसमें वह कहते हैं कि अगर रावण तीनों लोकों का राजा है तो तीनों लोक उसकी मृत्यु के साक्षी बनेंगे।

फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स को ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG ने तैयार किया है। ट्रेलर में लंका, युद्ध के मैदान और काल्पनिक दृश्यों को हॉलीवुड स्तर के CGI के साथ दिखाया गया है।

फिल्म के संगीत को भी खास बनाया गया है। इसमें दिग्गज संगीतकार एआर रहमान और हॉलीवुड कंपोजर हैंस जिमर का सहयोग है। दोनों ने मिलकर ऑर्केस्ट्रल संगीत और पारंपरिक आध्यात्मिक धुनों का मिश्रण तैयार किया है।

इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में फिल्म का ट्रेलर प्रीमियर आयोजित किया गया था, जिसमें रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और रवि दुबे समेत फिल्म की स्टारकास्ट शामिल हुई थी।

यश ने कहा कि वह इस शानदार प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर खुश हैं और इसका श्रेय निर्माता नमित मल्होत्रा को जाता है। उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य भगवान श्रीराम की कहानी को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है।

नितेश तिवारी के निर्देशन और प्राइम फोकस के संस्थापक नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित है। फिल्म भगवान विष्णु के अवतार माने जाने वाले राम के जीवन, अयोध्या के राजकुमार से वनवास और रावण के खिलाफ युद्ध तक की कहानी दिखाती है।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत हैंस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है। ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button