‘तारीख पर तारीख’ की प्रवृत्ति हर हाल में बदलनी होगी… CM योगी का सख्त निर्देश…

CM योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में 5 साल पुराने राजस्व केसों के तुरंत निस्तारण और जन्माष्टमी के लिए मथुरा-वृंदावन में विशेष क्राउड कंट्रोल प्लान के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था, राजस्व मामलों और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘तारीख पर तारीख’ की प्रवृत्ति पर सख्त नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को 5 साल से अधिक पुराने राजस्व मामलों और वरासत के केसों को मिशन मोड में प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के सख्त निर्देश दिए।

जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई का संकेत देते हुए CM ने कहा कि गलत आख्या लगाने वाले जिलों से 5 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा जाए और असंतुष्ट शिकायतों की दोबारा जांच कराई जाए। बैठक में पेश आंकड़ों के अनुसार, 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच प्रदेश में गंभीर अपराधों में 5.1% और महिला अपराधों में 3.9% की कमी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने हर जोन और रेंज में साप्ताहिक क्राइम एनालिसिस करने तथा महिला व बाल अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

आगामी जन्माष्टमी और गणेशोत्सव को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष बल दिया गया। मथुरा-वृंदावन में भीड़ प्रबंधन के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने और बांके बिहारी मंदिर के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का आदेश दिया गया है। सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए वृंदावन में नया पुलिस सर्किल भी गठित किया जाएगा। इसके अलावा, गणेश विसर्जन के दौरान उफनती नदियों और हाईटेंशन तारों से सतर्क रहने तथा माफियाओं, गो-तस्करी और अवैध धर्मांतरण पर 24×7 निगरानी रखने की हिदायत दी गई है।

Related Articles

Back to top button