
मनोरंजन डेस्क : भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं से प्रेरित फिल्म ‘द वन’ (The Vvaan) ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। फिल्म का मुकाबला अंजलि अरोड़ा की ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ से हुआ, लेकिन शुरुआती कमाई के मामले में ‘द वन’ आगे रही।
बता दे कि दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 7.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। शुरुआती ट्रेड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंचा है। हालांकि, अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है। फिल्म को रिलीज से पहले से ही दर्शकों के बीच चर्चा मिल रही थी। रिलीज के बाद इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। ऐसे में अब फिल्म के लिए शनिवार और रविवार का प्रदर्शन अहम माना जा रहा है।
वही ‘द वन’ की रिलीज का असर पिछले 50 दिनों से सिनेमाघरों में चल रही ‘हनुमान अंश’ की कमाई पर भी दिखाई दिया है। 25 सितंबर यानी रिलीज से एक दिन पहले ‘हनुमान अंश’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 2.60 करोड़ रुपये कमाए, जबकि इससे पिछले दिन इसका कलेक्शन लगभग 3.50 करोड़ रुपये रहा था।
अगर कहानी की बात करें तो ‘द वन’ में ‘वन देवी मंदिर’ के रहस्य के साथ छठी मइया की आस्था और महिमा को केंद्र में रखा गया है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा अनूप सोनी, श्वेता तिवारी, मनीष पॉल और सुनील ग्रोवर भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण एकता कपूर ने किया है।









