
नई दिल्ली: देश में एलपीजी संकट को लेकर लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बयान दिया है कि भारत में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत में पर्याप्त क्रूड ऑयल और गैस है, और सरकार इसके लंबी अवधि तक उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बता दें, पुरी ने कहा कि भारत 40 देशों से क्रूड ऑयल मंगवा रहा है, जिससे देश की तेल आपूर्ति स्थिति सुरक्षित है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की कमी के बारे में परेशान होने की कोई जरूरत नहीं हैं।
वहीं, संसद में वेस्ट एशिया संकट पर बयान देते हुए, मंत्री ने कहा, “यह पहली बार हो रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को कमर्शियल शिपिंग के लिए बंद किया गया है, और यह संघर्ष का परिणाम भारत को भुगतना होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि भारत को इन संकटों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।
हरदीप सिंह पुरी ने यह भी बताया कि पिछले 5 दिनों में एलपीजी प्रोडक्शन को 28% बढ़ा दिया गया है और आगे की खरीदारी भी जारी है। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि भारत के 33 करोड़ परिवारों की रसोई में कोई कमी न हो, खासकर गरीब और जरूरतमंदों को कोई कठिनाई न हो।
उन्होंने कहा कि बड़े LNG (लिक्विड नॅचुरल गैस) कार्गो रोज़ाना नए सप्लाई रास्तों से आ रहे हैं और भारत ने गैस प्रोडक्शन और सप्लाई को डायवर्सिफाई किया है। अब अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस से गैस की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी परिस्थिति में गैस की सप्लाई बाधित न हो।
पुरी ने यह भी कहा कि देश के लिए बिजली उत्पादन पूरी तरह से सुरक्षित है और किसी भी तरह की कमी नहीं होगी। मोदी सरकार की प्राथमिकता यह है कि ऊर्जा की कोई कमी ना हो, ताकि हर घर और उद्योग की आवश्यकताएं पूरी हो सकें।









