वीकेंड पर होगा फुल एंटरटेनमेंट… 24 जुलाई को थिएटर्स और OTT पर आ रही हैं 9 बेहतरीन फिल्में और सीरीज… नोट कर लें नाम…

24 जुलाई को OTT और थिएटर्स में 9 नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं। जानिए थलापति विजय, विक्रांत मैसी और शहनाज गिल की फिल्मों की पूरी लिस्ट।

जुलाई के चौथे शुक्रवार यानी 24 जुलाई को मनोरंजन का जबरदस्त तड़का लगने वाला है। इस दिन सिनेमाघरों से लेकर OTT प्लेटफॉर्म्स तक कई शानदार फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने जा रही हैं। एक तरफ थिएटर्स में एक्शन और ड्रामा देखने को मिलेगा, वहीं OTT पर सस्पेंस, कॉमेडी और रोमांस का भरपूर डोज मिलेगा।

आइए जानते हैं 24 जुलाई को रिलीज होने वाली फिल्मों और सीरीज की पूरी लिस्ट

आदर्श बाल विद्यालय
‘पंचायत’ और ‘ग्राम चिकित्सालय’ के बाद अमेजन प्राइम वीडियो पर गांव की कहानी पर आधारित एक और नई वेब सीरीज आने वाली है। इसमें के.के. मेनन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह लाइट-हार्टेड कॉमेडी ड्रामा सीरीज स्कूल प्रिंसिपल ज्ञानेश्वर त्रिपाठी की कहानी दिखाती है। सीरीज में अर्चना पूरन सिंह और नवीन कस्तूरिया भी अहम किरदारों में हैं।

जन नायकन
थलापति विजय की पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘जन नायकन’ काफी समय से चर्चा में है। सेंसर बोर्ड विवाद के चलते फिल्म की रिलीज अटक गई थी, लेकिन अब फिल्म का रास्ता साफ हो चुका है। फिल्म में थलापति विजय के साथ बॉबी देओल और पूजा हेगड़े नजर आएंगे।

द ट्रुथर्स
यह एक साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म है। इसकी कहानी रूथ नाम की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मां की मौत के बाद अपने होमटाउन लौटती है। पिता से दोबारा जुड़ने की कोशिश के दौरान उसे कई डरावने सच का सामना करना पड़ता है।

72 आवर्स
यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 40 साल के केविन हार्ट की कहानी है, जो एक मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव है। गलती से जेन-जी की बैचलर पार्टी में शामिल होने के बाद उसकी जिंदगी में कई मजेदार बदलाव आते हैं।

द इंडिया स्टोरी
श्रेयस तलपड़े और काजल अग्रवाल स्टारर यह सोशल-थ्रिलर फिल्म ग्रामीण भारत के अहम मुद्दे को दिखाती है। फिल्म खेती में जरूरत से ज्यादा कीटनाशकों के इस्तेमाल और उससे जुड़े पब्लिक हेल्थ संकट पर आधारित कोर्टरूम ड्रामा है।

पल्लीचट्टाम्बी
केरल के 1959 के ‘मुक्ति संघर्ष’ की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म पोथन क्रिस्टोफर की कहानी दिखाती है, जिसे एक लोकल चर्च में सुधार के लिए भेजा जाता है। वहां उसे जिंदगी की कई कड़वी सच्चाइयों का सामना करना पड़ता है।

मुसाफिर कैफे
विक्रांत मैसी एक बार फिर OTT पर वापसी कर रहे हैं। रोमांटिक ड्रामा सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ में उनके साथ वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना नजर आएंगी।

स्टुअर्ट फेल्स टू सेव द यूनिवर्स
‘बिग बैंग थ्योरी’ यूनिवर्स पर आधारित यह साइंस फिक्शन कॉमेडी फिल्म स्टुअर्ट ब्लूम की कहानी है। एक डिवाइस टूटने के बाद वह मल्टीवर्स की बड़ी मुसीबत में फंस जाता है।

इश्कनामा
शहनाज गिल और जय रंधावा स्टारर ‘इश्कनामा’ सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म भारत और पाकिस्तान में रहने वाले दो प्रेमियों की मोहब्बत और संघर्ष की कहानी पेश करेगी।

Related Articles

Back to top button