
Ajab-Gajab: प्लेन हाईजैक होते हुए तो आप ने कई बार सुना होगा। लेकिन चोरी होने के बारे में शायद ही कभी सुना हो। अमेरिका की पुलिस ने Damian Zukaitis को एक प्राइवेट प्लेन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसपर आरोप है कि Kitfox fixed-wing single-engine प्लेन को वेगास से चुराकर 100 मील तक उड़ाया इसके बाद कैलिफोर्निया के एक रेगिस्तान में लैंडिंग करा दी। इसके बाद फरार हो गया।
विमान के मालिक ने उसपर कॉकपिट में बीयर के डिब्बे और मारिजुआना छोड़ने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने बताया कि जुकाइटिस ने 30 दिसंबर को दोपहर दो बजे के करीब उत्तरी लास वेगास हवाई अड्डे पर खड़े विमान को चुरा लिया था। वह करीब 30 मिनट तक उड़ाता रहा। फिर दक्षिण कैलिफोर्निया के मोजावे रेगिस्तान में बेयरस्टो के बाहर मैदान में उतार दिया। विमान के मालिक जेफ कोहने को विमान के इमरजेंसी लोकेशन ट्रांसमीटर से एक नोटिफिकेशन मिलने के बाद शाम करीब छह बजे के करीब वायु सेना के खोज और बचाव दल का कॉल गया।
जेफ ने वायु सेना को बताया कि विमान नहीं उड़ रहा है। लेकिन जब वह बाहर हैंगर के पास गया तो वहां पर विमान नहीं मिला। शेरिफ विभाग ने बताया कि बेयरस्टो स्टेशन को शाम करीब 6.48 बजे एफएए से एक फोन आया, जिसमें बताया गया विमान डैगेट हवाई अड्डे के पास उतरा है। जब अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि Damian Zukaitis विमान से उतरकर हवाई अड्डे की ओर जाने वाली सड़क पर पैदल चला जा रहा है।
अधिकारियों ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्लेन चुराने का उसका क्या मकसद था, इसकी जांच की जा रही है। जेट की कीमत 80 हजार डॉलर बताई जा रही है।









