
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक ऐसी अनोखी और हैरान कर देने वाली चोरी का मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन और आम जनता दोनों के होश उड़ा दिए हैं। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखेड़ा के नीमचोक बाजार में स्थित प्रसिद्ध जैन मंदिर के गर्भगृह से एक अज्ञात बदमाश ने दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यह चोरी बेहद चौंकाने वाली इसलिए भी है क्योंकि चोर ने इस घटना को शाम चार से साढ़े चार बजे के बीच अंजाम दिया, जब पूरे बाजार में अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। चोर भगवान आदिनाथ के गले से सोने का हार और पास में रखी चांदी की एक पवित्र प्रतिमा चुराकर रफूचक्कर हो गया।
₹10 के नोट पर लिखा- ‘यह चोरी नहीं है, 15 जुलाई को पोस्ट ऑफिस से ले लेना’
इस वारदात में सबसे हैरान करने वाला मोड़ तब आया, जब मंदिर प्रबंधन और पुलिस को गर्भगृह से 10 रुपये का एक नोट बरामद हुआ। शातिर चोर ने चोरी करने के बाद वहां यह नोट छोड़ा था, जिस पर बकायदा एक मैसेज लिखा हुआ था। नोट पर अंग्रेजी में ‘Jitendra’ लिखा है और उसके नीचे हिंदी में लिखा था— “यह चोरी नहीं है। 15 जुलाई को रतलाम पोस्ट ऑफिस पर आपको मिल जाएगा। अगर पुलिस को बताया तो नहीं मिलेगा। आप आदिनाथ दादा पर भरोसा करें।” अब ₹10 के नोट पर लिखे इस संदेश के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और आशंका जताई जा रही है कि चोर का असली नाम जितेंद्र हो सकता है।
जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
पवित्र जैन मंदिर में हुई इस दुस्साहसिक चोरी के बाद सुखेड़ा पुलिस चौकी, पिपलौदा थाना पुलिस और जावरा एसडीओपी सहित आला अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए हैं। पुलिस की रातों की नींद उड़ी हुई है और अलग-अलग टीमें बनाकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस विभाग की टीमें नीमचोक बाजार से लेकर करीब 4 किलोमीटर दूर स्थित माऊखेड़ी गांव के बीच लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि चोर के रूट और उसकी पहचान का पुख्ता पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति या पुलिस को गुमराह करने की कोई सोची-समझी साजिश तो नहीं है।









