
Baghpat: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बागपत के दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने नवनाथों की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने न केवल मंदिर के पुनर्निर्माण का उत्सव मनाया, बल्कि अपने संबोधन के जरिए विरोधियों और आक्रांताओं पर तीखा प्रहार भी किया। सीएम योगी ने कहा कि आज का दिन देश के लिए अत्यंत पवित्र है, क्योंकि इसी गौरवशाली तिथि पर भारत ने परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी शक्ति का लोहा मनवाया था।
‘सनातन की ताकत और आक्रांताओं का अंत’
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सदियों तक विदेशी आक्रांताओं से जूझता रहा, लेकिन आज उनका कहीं नामोनिशान नहीं बचा है। उन्होंने गजनवी का जिक्र करते हुए कहा, “गजनवी ने भारत पर 17 बार आक्रमण किया, लेकिन जो सनातन को मिटाने आए थे, वे खुद मिट्टी में मिल गए।” सीएम ने जोर देकर कहा कि सनातन ने कभी किसी पर जबरन कब्जा नहीं किया, लेकिन अपनी रक्षा करना उसे बखूबी आता है।
अयोध्या और राम मंदिर का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के भव्य राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि सत्य की जीत हमेशा होती है। उन्होंने कहा, “राम मंदिर के निर्माण को कोई नहीं रोक पाया, यह हमारी अडिग आस्था और सनातन की ताकत का परिणाम है।” उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी एक समृद्ध विरासत के वारिस हैं और हमें अपने धर्म तथा देश को कभी नुकसान नहीं होने देना है।
तीर्थ स्थलों का होगा कायाकल्प
सीएम योगी ने तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण का संकल्प दोहराते हुए कहा कि धर्म की क्षति की भरपाई असंभव है, इसलिए हमें अपनी विरासत को संजोकर रखना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी तीर्थ स्थलों को सुंदर और भव्य बनाया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियां अपनी गौरवशाली संस्कृति पर गर्व कर सकें।









