तीन बार विधायक, सपा में रहे मंत्री, अखिलेश ने बनाया पीएम मोदी के खिलाफ प्रत्याशी

समाजवादी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी लोकसभा सीट पर प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस से सीटों पर सहमति न होने..

वाराणसी: देश में होने वाले अगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी सोमवार को इंडी गठबंधन से इतर अपनी तीसरी लिस्ट जारी कर दिया। समाजवादी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी लोकसभा सीट पर अखिलेश यादव के सेनापति सुरेंद्र सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल को पहले समाजवादी पार्टी ने लोकसभा का प्रभारी बनाया था, वही कांग्रेस से सीटों पर सहमति न होने के बाद अब सुरेंद्र सिंह पटेल को समाजवादी पार्टी ने लोकसभा का प्रत्याशी बना दिया है।

अखिलेश यादव ने सुरेंद्र सिंह पटेल को बताया था अपना सेनापति
वाराणसी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह पटेल वाराणसी जनपद में विधानसभा चुनाव में तीन बार जीत के साथ समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रह चुके है। कुर्मी जाति से आने वाले और जमीनी नेता के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले सुरेंद्र सिंह पटेल को विगत दिनों समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना सेनापति बताया था।

अखिलेश यादव ने पीएम मोदी को वाराणसी लोकसभा से टक्कर देने के सवाल पर कहा था कि बीजेपी के सेनापति को समाजवादी पार्टी का सेनापति ही हराएगा और उनका सेनापति उनके बगल में बैठा है। अखिलेश यादव के बयान के दौरान उनके बगल में सुरेंद्र सिंह पटेल बैठे थे, तब कयास लगाया जा रहा था कि समाजवादी पार्टी की तरफ़ से सुरेंद्र सिंह 2024 लोकसभा में वाराणसी से सपा के प्रत्याशी होंगे।

जानिए कौन है सुरेंद्र सिंह पटेल जिन पर सपा ने जताया है भरोसा
वाराणसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह पटेल मूलतः वाराणसी के बीरभानपुर राजातालाब के निवासी है। सुरेंद्र पटेल वर्ष 2002 में पहली बार वाराणसी के गंगापुर विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए और सदन में अपना दल विधान मंडल दल के नेता रहे। वर्ष 2003 में सुरेंद्र पटेल उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के अध्यक्ष बनाए गए। जबकि वर्ष 2003 में ही उत्तर प्रदेश राज्य संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष भी बनाया गया। वर्ष 2007 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2012 में समाजवादी पार्टी से सेवापुरी विधानसभा से तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए और उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल में शामिल हुए।

समाजवादी पार्टी ने सुरेंद्र सिंह पटेल को राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग व सिंचाई विभाग व जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई। सुरेंद्र सिंह पटेल वर्ष 2017 में सेवापुरी विधानसभा से समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़े और दूसरे स्थान पर रहे। वही वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी ने सेवापूरी विधानसभा से सुरेंद्र पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया और इस चुनाव में भी वह दूसरे स्थान पर रहे। वही अब लोकसभा वाराणसी के लिए समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर सुरेंद्र सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है।

रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल

Related Articles

Back to top button