काशी में टमाटर पर बाउंसरों का पहरा, थाने पर घंटो चली पंचायत, जानिए क्या है पूरा मामला…

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद घटों सब्जी विक्रेता को छुड़वाने के लिए सपा पदाधिकारियों ने थाने पर पंचायत किया।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में टमाटर पर बाउंसर का पहरा लगाकर विरोध करना सब्जी विक्रेता और सपा कार्यकर्ता को भारी पड़ गया है। पुलिस ने सब्जी विक्रेता को हिरासत में ले लिया, तो साथ ही बाउंसरों के साथ सब्जी की दुकान पर विरोध करने वाले सपा कार्यकर्ता की तलाश की जा रही है। वही सब्जी विक्रेता के पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद घटों सब्जी विक्रेता को छुड़वाने के लिए सपा पदाधिकारियों ने थाने पर पंचायत किया।

सपा कार्यकर्ता ने बिकवाया था बाउंसर के पहरे में टमाटर…

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नगवा में सपा कार्यकर्ता अजय फौजी ने रविवार को बाउंसरों के पहरे में टमाटर बिकवाया। सोशल मीडिया पर बाउंसरों के पहरे में टमाटर बेचे जाने की तस्वीर खूब वायरल हुई। इस तस्वीर को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बीजेपी पर तंज करते हुए टमाटर पर Z पल्स की सुरक्षा दिए जाने की मांग कर डाली।

अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद गरमायी सियासत, पुलिस हिरासत में सब्जी विक्रेता…

टमाटर को लेकर बीजेपी पर तंज करते हुए अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद सियासी पारा चढ़ गया। सोशल मीडिया पर टमाटर को लेकर बीजेपी पर यूजर्स टूट पड़े और मामला तूल पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर को लेकर अफवाह फैलाने के आरोप में वाराणसी के लंका थाने की पुलिस में नगवा के सब्जी विक्रेता राज नारायण यादव को हिरासत में ले लिया। सब्जी विक्रेता से पुलिस देर रात तक बाउंसरों के साथ टमाटर बेचे जाने को लेकर पूछताछ करती रही।

सब्जी विक्रेता को छुड़ाने पहुंचे सपा पदाधिकारी, घंटो चली थाने पर पंचायत…

अखिलेश यादव ने सब्जी विक्रेता को पुलिस के द्वारा हिरासत में लिए जाने को लेकर एक बार फिर ट्वीट किया और पुलिस से सब्जी विक्रेता को छोड़ने की बात लिखी। वही अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद दर्जनों की संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के साथ वाराणसी के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष सहित प्रदेश के प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी थाने पहुंच गए। पूरे प्रकरण में सपा पदाधिकारियों ने सब्जी विक्रेता को पुलिस से छोड़ने की मांग किया। मौके पर मौजूद ACP प्रवीण सिंह ने सब्जी विक्रेता से पूछताछ किए जाने की बात कह सपा पदाधिकारियों को बैरंग वापस थाने से भेज दिया।

सब्जी विक्रेता के घर रात में जा धमकी नगर निगम और वीडीए की टीम

वही इस प्रकरण के बीच सब्जी विक्रेता के घर नगर निगम के भेलूपुर जोनल अधिकारी के साथ वाराणसी विकास प्राधिकरण की टीम पहुंची। वीडीए और नगर निगम के अधिकारियों ने सब्जी विक्रेता के परिजनों से घर का नक्शा और जमीन के सभी कागजात लेकर सोमवार को ऑफिस में लाने की बात कह मौके पर घर के बाहर मुआयना किया।भेलूपुर जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि वह मौके पर टमाटर को लेकर जो खबर मीडिया में चल रही है उस मकान का मुआयना करने पहुंचे थे, और मकान की लंबाई -चौड़ाई क्या है इसे देखा गया। मकान के सभी कागजों की जांच की जाएगी।

परिजनों ने बताया सब्जी विक्रेता को निर्दोष, सपा कार्यकर्ता पर लगाया आरोप…

नगवा क्षेत्र के रहने वाले सब्जी विक्रेता को हिरासत में लिए जाने के बाद परिजनों ने सब्जी विक्रेता राजनरायण यादव को निर्दोष बताया और सपा कार्यकर्ता अजय फौजी पर आरोप लगाया। सब्जी विक्रेता के परिजनों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में राजनारायण ( सब्जी विक्रेता) को कुछ भी जानकारी नही हुआ की उनके दुकान पर क्या हो रहा है।स्थानीय सपा नेता अजय फौजी कुछ लोगो के साथ आए और 500 रुपए देकर दुकान पर और टमाटर मंगवाया। इसके बाद वह कुछ लोगो के साथ फोटो खिंचवाया जिसमे बाउंसर भी थे। वह लगातार कह रहे थे कि टमाटर की लूट हो रही है, लेकिन इस क्षेत्र में कभी ऐसी घटना नही हुई। वह सपा के नेता है और अक्सर दुकान पर आते रहते है, ऐसे में उन्होंने ऐसा क्यों किया किसी को कोई जानकारी नहीं है।

सब्जी विक्रेता को हिरासत में लिए जाने पर सपा ने बताया लोकतंत्र की हत्या…

वाराणसी के लंका थाने पर सब्जी विक्रेता को छुड़ाने के लिए पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि राजनैतिक रूप से सपा के कार्यकर्ता ने विरोध जताया है। सब्जी विक्रेता को पुलिस थाने पर लेकर आयी है। पुलिस से सब्जी विक्रेता को छोड़ने के लिए कहा गया, लेकिन पुलिस सब्जी विक्रेता को छोड़ने को तैयार नही है। मनोज राय ने कहा कि अफसोस इस बात की है कि, पीएम के संसदीय क्षेत्र में यदि राजनैतिक रूप से प्रतीकात्मक विरोध करता है, तो क्या उसे थाने में लाकर बैठाया जाए यह कहां तक ठीक है। पीएम देश और विदेश में जाकर कहते है कि देश में लोकतंत्र बहुत सुरक्षित है, तो यह उसका आइना है। लोकतंत्र में विरोध होते है, देश के कई मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों ने विपक्ष में रखकर विरोध किया और अपने घर चले गए। यह ठीक नही है कि राजनैतिक विरोध करने पर किसी गरीब सब्जी विक्रेता को थाने पर बैठाया जाए।

रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल

Related Articles

Back to top button