
आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बल्केश्वर मेला और धार्मिक परिक्रमा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। रविवार शाम 4 बजे से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। यह व्यवस्था परिक्रमा खत्म होने तक जारी रहेगी।
मंदिर मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी
बता दे कि बल्केश्वर मंदिर से शुरू होने वाली परिक्रमा राजेश्वर मंदिर, मन:कामेश्वर मंदिर, रावली महादेव, पृथ्वीनाथ मंदिर, कैलाश मंदिर होते हुए वनखंडी महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दिल्ली की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मथुरा के टाउनशिप चौराहे से गोकुल बैराज और उत्तरी बाईपास की तरफ भेजा जाएगा। वहीं हाथरस से आने वाले बड़े वाहनों को सिकंदराराऊ या मथुरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कैलाश और बल्केश्वर मंदिर स्थित पार्वती घाट पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई गई
वही एनएच-19 पर रुनकता से कुबेरपुर कट तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके अलावा रोहता नहर, रुनकता, कुबेरपुर, एत्माद्दौला, खंदौली, रामबाग और तोरा चौकी समेत अन्य रास्तों से भी भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। नगर निगम ने भी मेले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। कैलाश और बल्केश्वर मंदिर स्थित पार्वती घाट पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई गई है। श्रद्धालुओं के लिए विश्राम पंडाल लगाए जाएंगे, जहां चाय की व्यवस्था भी रहेगी।
परिक्रमा मार्ग पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मंदिरों के आसपास डस्टबिन रखे गए हैं और पूजा सामग्री के लिए अर्पण कलश की व्यवस्था की गई है, ताकि नदी और सड़कों पर गंदगी न फैले।









