
राजधानी के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में बुधवार को आईपीएल 2026 का मैच खेला जाएगा। इसे देखते हुए शहर में ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए स्टेडियम और सभी संपर्क मार्गों पर दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।
पुलिस ने बताया कि इमरजेंसी की स्थिति में स्कूली वाहन, शव वाहन, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को विशेष अनुमति के तहत निकाला जाएगा।
डायवर्जन के अनुसार
- कमता शहीद पथ तिराहा अयोध्या रोड से वाहन सीधे कमता तिराहे से शहीद पथ होकर सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। उन्हें कमता तिराहा, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समतामूलक चौराहा, लालबत्ती चौराहा, करियप्पा चौराहा, तेलीबाग चौराहा, बाराबिरवा चौराहा या इंदिरा नहर चौराहे से किसान पथ होकर मार्ग तय करना होगा।
- शहीद पथ कानपुर रोड तिराहे से वाहन सीधे शहीद पथ होकर सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और अयोध्या रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें बाराबिरवा चौराहा, बंगलाबाजार चौराहा, तेलीबाग चौराहा, करियप्पा चौराहा, लालबत्ती चौराहा, 1090 चौराहा या दरोगाखेड़ा किसान पथ होकर जाना होगा।
आईपीएल 2026 के दौरान लखनऊ मेट्रो ने भी मैच प्रेमियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच वाले दिनों में मेट्रो सेवा देर रात 12.30 बजे तक चलेगी। इसके साथ ही स्पेशल फ़ीडर बसों का भी इंतज़ाम किया गया है।
लखनऊ मेट्रो ने बताया कि टीम के साथ आधिकारिक कनेक्टिविटी पार्टनर के रूप में जुड़ने के कारण यह निर्णय लिया गया। आईपीएल मैच शाम 7.30 बजे शुरू होंगे, जिससे मुकाबला देर रात तक चलता है। मेट्रो और फ़ीडर बस सेवाएं यात्रियों को आसानी से घर पहुंचाने में मदद करेंगी।









